राशिन स्कूल में गूंजी स्वास्थ्य जागरूकता की अलख, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन की दी जानकारी

महराजगंज

परतावल (महराजगंज)। परतावल चौक स्थित राशिन स्कूल में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल की स्वास्थ्य टीम ने किशोर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को बरसाती बीमारियों से बचाव, संतुलित पोषण और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया। चिकित्सक डॉ. अनिल जायसवाल ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टाइफाइड, पीलिया और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए स्वच्छता, साफ पेयजल और मच्छरों से बचाव बेहद जरूरी है।

उन्होंने किशोरियों को बताया कि एचपीवी (HPV) संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार 12 से 18 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। यह सिंगल डोज वैक्सीन 90 प्रतिशत से अधिक सुरक्षा प्रदान करती है।

किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत परिवार नियोजन विषय पर भी जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *