नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पर किशोरियों को किया गया जागरूक

महराजगंज


परतावल (महराजगंज):
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल की आरबीएसके एवं आरकेएसके टीम द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के अंतर्गत जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती सुभावती देवी इंटर कॉलेज, हरपुर तिवारी में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए किशोरियों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉक्टर घनश्याम गुप्ता एवं डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। साथ ही किशोरियों को स्वच्छता एवं मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।
इस अवसर पर किशोरियों के बीच सैनिटरी नैपकिन, आयरन की गोलियां एवं ओआरएस पाउडर का वितरण किया गया। किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने आरकेएसके कार्यक्रम की मासिक थीम “कम उम्र में शादी” पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में किशोरियां उपस्थित रहीं। आयोजन के माध्यम से किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *