परतावल। नगर पंचायत परतावल के छातीराम दक्षिण टोला, वार्ड नंबर-10 शिवनगर निवासी एवं भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने चंद्रेश सिंह के सम्मान में उनके आवास पर भव्य रात्रि भोज एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जी.एम. सिंह ने फ्लाइंग ऑफिसर चंद्र सिंह को शॉल ओढ़ाकर तथा महात्मा बुद्ध का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं और आकाश की सुरक्षा में तैनात जवानों एवं अधिकारियों के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंद्र सिंह की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके इस मुकाम तक पहुंचने से क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने कहा कि फ्लाइंग ऑफिसर चंद्रेश सिंह देश के गौरव हैं। उनकी सफलता पर न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और देशवासियों को गर्व है। उन्होंने युवाओं से चंद्र सिंह के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने फ्लाइंग ऑफिसर चंद्रेश सिंह को फूल-मालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह, सोहन चौधरी, नूर आलम सहित दक्षिण टोला के समस्त सिंह परिवार एवं क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। रात्रि भोज में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर फ्लाइंग ऑफिसर चंद्रेश सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।
फ्लाइंग ऑफिसर चंद्रेश सिंह की सफलता ने परतावल क्षेत्र को नई पहचान दी है और युवाओं में देशसेवा के प्रति उत्साह का संचार किया है।
