भिटौली, महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़ जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में गुरुवार को थाना भिटौली पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम बसवार नूतन क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध अभिलेख एवं परमिट के खनिज सामग्री का परिवहन करते हुए पकड़ी गईं।
पुलिस के अनुसार वाहन चालकों से खनिज परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध परमिट अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उत्तर प्रदेश मोटर वाहन अधिनियम एवं खनन नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर खनन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
सीज किए गए वाहनों में ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूपी 56 एयू 7839 पर मिट्टी, जबकि यूपी 56 बीएच 0164 तथा यूपी 56 जेड 7395 पर राबिस लदी हुई थी। पुलिस ने तीनों वाहनों के विरुद्ध धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
