नहर पुल के पास मिले मजदूर के शव मामले में नया मोड़, गैर इरादतन हत्या में तीन महिलाएं गिरफ्तार

अपराध महराजगंज


भिटौली, महराजगंज। पिपरा खादर नहर पुल के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिले मजदूर के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना मानी जा रही इस घटना में पुलिस जांच के बाद गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए तीन महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी लक्ष्मण निषाद (40) का शव बीते दिनों पिपरा खादर नहर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक की बाईं आंख के पास चोट का निशान मिला था, जबकि शरीर पर अन्य कोई स्पष्ट चोट नहीं थी।

लक्ष्मण निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था तथा अपने पीछे पत्नी ममता और पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर थाना भिटौली में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 धारा 105/352 बीएनएस के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत थाना भिटौली पुलिस ने गुरुवार को तीन वांछित महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विजय लक्ष्मी पत्नी जितेंद्र उर्फ पिंटू, दुर्गावती पत्नी शुभकरण निवासी अहिरौली तथा करिश्मा पुत्री रामसिंह निवासी बेलासपुर नर्सरी थाना श्यामदेउरवा शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे और गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *