श्यामदेउरवा/महराजगंज। गोरखपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के नेमत नगर निवासी सोनू (35) अपनी पत्नी रूबी खातून (30) और चार वर्षीय बेटी नैयर के साथ बिहार के बगहा से घर लौट रहे थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही उनकी बाइक श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित पिपरापाती (भारत) पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात मैजिक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में सोनू के सिर में गंभीर चोट आई और उनके कान से खून बहने लगा। वहीं उनकी पत्नी रूबी खातून भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। गनीमत रही कि बाइक पर बैठी मासूम बेटी नैयर को खरोंच तक नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
श्यामदेउरवा थाना अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात मैजिक वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
