परतावल /महराजगंज
महराजगंज जनपद के परतावल क्षेत्र में बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम जिला प्रशासन द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने किया।
फ्लैग मार्च परतावल के मुख्य चौराहे से शुरू होकर गोरखपुर रोड स्थित पिपरिया मदरसे तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का दल पनियरा मार्ग स्थित नहर पुलिया तक गया, जहां संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
इस दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया।
फ्लैग मार्च में श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, चौकी प्रभारी अमित सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। क्षेत्र में पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का संदेश गया और लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।
