मुख्यमंत्री से मिले काशीनाथ सिंह, क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया

महराजगंज


महराजगंज/परतावल। नगर पंचायत परतावल निवासी एवं हियुवा संगठन महामंत्री समाजसेवी काशीनाथ सिंह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
काशीनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली आपूर्ति की अनियमितता एवं पेयजल संकट भी आमजन के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने तथा पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद काशीनाथ सिंह ने उम्मीद जताई कि सरकार के सकारात्मक प्रयासों से क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *