सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, जेवरात व कीमती सामान लेकर फरार

महराजगंज


परतावल/महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पड़ताल चौराहे स्थित शिव नगर मोहल्ले में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी नरेंद्र पटेल अपने परिवार के साथ सिसवा क्षेत्र में एक रिश्तेदारी के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला। चोर घर में रखे झुमका, पायल, पवजेब समेत अन्य बहुमूल्य आभूषण और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
जब परिवार वापस घर लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *