भिटौली/महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़ विवेक कुमार पाण्डेय
भिटौली थाना क्षेत्र के रुद्रापुर गांव में पिता-पुत्र विवाद के दौरान डायल 112 पुलिस के चालक पर रिटायर्ड होमगार्ड से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार रुद्रापुर निवासी रिटायर्ड होमगार्ड ओमप्रकाश गिरी का किसी बात को लेकर उनके पुत्र मृत्युंजय से विवाद हो गया था। आरोप है कि पुत्र द्वारा मारपीट किए जाने पर ओमप्रकाश गिरी ने मदद के लिए डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने शिकायतकर्ता को थाने जाकर प्रार्थना पत्र देने की बात कही। इस दौरान रिटायर्ड होमगार्ड ने पुलिसकर्मियों से कहा कि यदि वह घर जाएंगे तो उनका पुत्र फिर मारपीट करेगा, इसलिए उसे थाने ले जाया जाए।
आरोप है कि यह बात डायल 112 के चालक को नागवार गुजर गई और वह गाड़ी से उतरकर पिता-पुत्र दोनों की पिटाई करने लगा। मारपीट में रिटायर्ड होमगार्ड ओमप्रकाश गिरी को काफी चोटें आई हैं।
पीड़ित ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर डायल 112 के चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
