बस्ती के दरोगा अजय गौड़ की अयोध्या में संदिग्ध मौत, पुलिस महकमे में हड़कंप

अपराध


बस्ती/अयोध्या। जन प्रहरी न्यूज़
बस्ती जनपद के परशुरामपुर थाने में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक (SSI) अजय गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। बीते 5 फरवरी से रहस्यमय ढंग से लापता चल रहे दरोगा अजय गौड़ का शव तीसरे दिन अयोध्या में सरयू नदी से बरामद होने के बाद पूरे महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, परशुरामपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक विश्व मोहन राय अवकाश पर थे। उनकी अनुपस्थिति में SSI अजय गौड़ को थाना प्रभारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। इसी दौरान 5 फरवरी को वह अचानक लापता हो गए। देर रात तक संपर्क न होने पर विभागीय स्तर पर चिंता बढ़ गई।
लापता होने की सूचना मिलते ही अवकाश पर गए SO विश्व मोहन राय ने छुट्टी निरस्त कर तत्काल थाने पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज मिले, जिनमें अजय गौड़ को बस्ती मुख्यालय की ओर जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। खोजबीन के दौरान उनकी सरकारी गाड़ी कुवानों नदी के किनारे लावारिस हालत में मिली, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका और गहरा गई।
लगातार तीसरे दिन चले सर्च ऑपरेशन के बाद अयोध्या में सरयू नदी से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान SSI अजय गौड़ के रूप में की गई। शव मिलने की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पुलिस महकमा गहरे शोक में डूब गया।
अब तक यह रहस्य बना हुआ है कि अजय गौड़ बस्ती से अयोध्या कैसे पहुंचे, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई साजिश है या नहीं। इन तमाम सवालों के जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं।
दिन-रात चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद मौत के ठोस कारण सामने नहीं आ सके हैं। पुलिस विभाग मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रहा है।
SSI अजय गौड़ की मौत से परशुरामपुर थाना शोकाकुल है। सहकर्मी गमगीन हैं और एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार पुलिसकर्मी को खोने का दर्द हर चेहरे पर साफ झलक रहा है।
यह घटना न सिर्फ बस्ती पुलिस को झकझोर कर रख देने वाली है, बल्कि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा, मानसिक दबाव और कार्यभार जैसे गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *