बिना योग्य डॉक्टर के चल रहा था अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग ने ओटी किया सील

महराजगंज


महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़
जिला मुख्यालय से सटे फरेंदा रोड स्थित सावित्री हॉस्पिटल एंड मैटर्निटी सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सीलबंद कर दिया। जांच के दौरान अस्पताल बिना किसी योग्य चिकित्सक के संचालित पाया गया, जिससे मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ होने की पुष्टि हुई।
निरीक्षण के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अस्पताल संचालक संतोष कुमार पर पूर्व में भी अवैध रूप से अस्पताल संचालन तथा दवाओं के भुगतान में अनियमितता के गंभीर आरोप लग चुके हैं। इसके बावजूद अस्पताल का संचालन जारी रहना स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
जांच टीम में डॉ. वीरेंद्र आर्य (नोडल अधिकारी), आदित्य पांडेय (जिला समन्वयक) और सुनील उपाध्याय (वरिष्ठ सहायक) शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध निजी अस्पतालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *