महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ बेटी की शादी के लिए फर्नीचर बनवाने के उद्देश्य से एक व्यक्ति द्वारा अग्रिम भुगतान किए जाने के बावजूद महीनों बीत जाने पर भी सामान न मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि फर्नीचर सेंटर संचालक ने कुल 47,400 रुपये लेने के बाद न तो पूरा सामान उपलब्ध कराया और न ही धनराशि वापस की।
जानकारी के अनुसार कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी बढेए पुरवा निवासी अकबर पुत्र जमालुद्दीन ने भिटौंली थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री के विवाह के लिए धर्मपुर रोड स्थित बिशनपुर चौराहे पर संचालित एक फर्नीचर सेंटर से सामान तैयार कराने का सौदा किया था। इसके लिए पहले 5,000 रुपये नकद एडवांस दिए गए, बाद में 25,000 रुपये तथा 17,400 रुपये ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि भुगतान के बावजूद फर्नीचर सेंटर संचालक द्वारा केवल एक पुराना बेड और दो कुर्सियां दी गईं। जब इस पर आपत्ति जताई गई तो संचालक ने पूरा सामान देने के साथ इन्हें बदलने का आश्वासन दिया। लेकिन शादी को नौ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो शेष सामान दिया गया और न ही धनराशि लौटाई गई।
अकबर का कहना है कि अब आरोपित उनका फोन तक नहीं उठा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। पीड़ित ने भिटौंली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़ित ने कहा कि बेटी की शादी के लिए जुटाई गई मेहनत की कमाई फंस जाने से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। अब उन्हें पुलिस कार्रवाई से ही न्याय की उम्मीद है।
