मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध ने नहर में लगाई छलांग, मौत घंटों की तलाश के बाद झाड़ियों में उतराता मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज

महराजगंज :भिटौली थाना क्षेत्र के बांसपर नूतन गांव के एक वृद्ध द्वारा नहर में छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने काफी देर तक तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद वृद्ध का शव नहर किनारे झाड़ियों में उतराता हुआ मिला। जानकारी के अनुसार बांसपर नूतन निवासी अंबिका सिंह (70 वर्ष) शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह किसी बाइक सवार से लिफ्ट लेकर धर्मपुर बाजार स्थित देवरिया शाखा बड़ी नहर के पुल तक पहुंचे। पुल पार करने के बाद वह नहर की पटरी पर करीब सौ मीटर आगे बढ़े और अचानक नहर में छलांग लगा दी। नहर किनारे टहल रहे युवकों ने वृद्ध को पानी में कूदते देख शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ वृद्ध की तलाश शुरू कर दी। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुट गई।

काफी प्रयास के बाद सोहरौना राजा और पिपरा खादर सिवान के बीच नहर किनारे झाड़ियों में वृद्ध का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अंबिका सिंह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे तथा मानसिक रूप से भी परेशान रहते थे। उनका इकलौता पुत्र राजकुमार सिंह सऊदी अरब में रहकर परिवार की आजीविका चलाने में सहयोग करता है। परिवार में उनकी पत्नी फूला देवी, बहू और नाती-पोते हैं। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। यदि कोई तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *