भिटौली महराजगंज जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित में गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे एक सात वर्षीय बालिका का शव गांव के समीप पोखरे में मिला। मृतका की पहचान आफरीन 7 वर्ष पुत्री रियाज के रूप में हुई है जो बुधवार सायं लगभग 6 बजे से लापता थी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने गांव के पोखरे में बालिका का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
आफरीन बुधवार साम खेलते समय घर से लापता हो गई थी। रात लगभग 8:00 बजे आफरीन घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश करने लगे लेकिन देर रात उसका कहीं कुछ पता नहीं चला । लापता होने के बाद से ही परिवार में कोहराम मच गया । गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे उसका शव पोखरे मे उतराता मिला।
परिजनों ने आशंका जताई कि बालिका खेलते समय नहाने के लिए पोखरे मे उतरी और गहरे पानी में चली गई जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। इस पोखरे में अक्सर बच्चे खेलते और नहाते है।
थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

