भिटौली/महराजगंज।
जन प्रहरी न्यूज़
सोमेंद्र मीना, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, ने शनिवार सुबह थाना भिटौली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क एवं निर्माणाधीन थाना भवन का गहनता से अवलोकन किया।
एसपी ने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण तथा फरियादियों से संवाद की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।
महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर उन्होंने महिला संबंधी प्रकरणों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और पीड़िताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निर्माणाधीन थाना भवन के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक के औचक निरीक्षण से थाना परिसर में सक्रियता और सतर्कता देखी गई।
