भिटौली, महराजगंज:जन प्रहरी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के भिटौली उपनगर में सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगया टोला मनियरा निवासी धर्मवीर किसी जरूरी कार्य से भिटौली आए हुए थे। भिटौली पेट्रोल पंप के पास उन्होंने अपनी गाड़ी खड़ी की और उसके पास ही खड़े थे। इसी दौरान परतावल की ओर से आ रही एक ट्रक ने अपने पिछले हिस्से से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि धर्मवीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक धर्मवीर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और घर का बड़ा बेटा था। करीब 14 वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर बिलख पड़े। 13 वर्षीय बेटे और पत्नी प्रमिला का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
