होली व रमजान को लेकर प्रशासन सख्त, शांति-सौहार्द बनाए रखने के लिए निकाला फ्लैग मार्च

महराजगंज


परतावल/महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के नेतृत्व में थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च परतावल बाजार (महराजगंजरोड -गोरखपुर रोड) से होते हुए कप्तानगंज रोड से पनियरा रोड तक निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का संदेश पहुंचे।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में होली और रमजान का पवित्र माह चल रहा है। दोनों ही पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मिल-जुलकर त्योहार मनाने से समाज में एकता और अखंडता मजबूत होती है तथा सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति एवं अमन-चैन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से होली पर्व के मद्देनजर पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी करने तथा भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। फ्लैग मार्च से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *