महाराजगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का जला शव मिलने से सनसनी

महराजगंज


महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़ जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित राजा राम सिंह के खेत में एक महिला का जला हुआ शव देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन शव बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस संबंध में सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि महिला का शव आंशिक रूप से जला हुआ है और उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *