मारपीट व धमकी का मामला, कई लोग घायल

महराजगंज

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया गांव में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी श्यामनन्द पुत्र लालधारी प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 मार्च की शाम करीब 7 बजे टेला, रोहित, रुदल और अमन निवासीगण लक्ष्मीपुर जरलहिया मामूली बात को लेकर एकजुट होकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा, लात-घूंसा और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में अमित पुत्र रामानन्द, सचीतानन्द पुत्र लालधारी और सूरज पुत्र अछैवर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अमित और सचीतानन्द के सिर में तथा सूरज के हाथ में चोटें आई हैं। घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *