शिकारपुर कोटही माता मंदिर में शतचंडी महायज्ञ की धूम, रामलीला मंचन में झूम उठे दर्शक

महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़
महराजगंज,शिकारपुर कोटही माता मंदिर परिसर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यज्ञ स्थल पर जहां एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण गूंजता रहा, वहीं दूसरी ओर रामलीला मंचन ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
तीसरे दिन रामलीला मण्डली द्वारा महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। कलाकारों की सशक्त प्रस्तुति और संवाद अदायगी ने पूरे पंडाल में तालियों की गूंज भर दी। दर्शक देर रात तक रामलीला का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर यज्ञ आचार्य पंडित बलराम पांडेय ने शतचंडी महायज्ञ का धार्मिक महत्व बताते हुए कहा कि नवरात्रि में इस महायज्ञ के आयोजन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि मां भगवती की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि का संचार होता है।
यज्ञ स्थल पर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से की जा रही हैं, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
शिकारपुर कोटही में चल रहा यह शतचंडी महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का भी कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *