परतावल में टूटी नाली को लेकर फूटा गुस्सा, वार्ड 8 के लोगों का प्रदर्शन

महराजगंज


परतावल | जन प्रहरी न्यूज़
नगर पंचायत परतावल के वार्ड नम्बर 8 क्षत्रपति शिवाजी नगर मेहाबार में मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज लोगों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। मोहल्ले में बनी नाली टूट जाने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले ही नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता के चलते वह समय से पहले ही टूट गई। नाली टूटने से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें गिरकर बच्चे चोटिल हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे अच्छेलाल और रजनी राजभर ने बताया कि मोहल्ले में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बरसात के दौरान हालात और बदतर हो जाते हैं, जब पानी सीधे घरों और दरवाजों तक पहुंच जाता है।
लोगों ने यह भी बताया कि मोहल्ले में स्थित पोखरे की हालत बेहद खराब है, जिसकी खुदाई कराए जाने की जरूरत है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और पानी खेतों में न फैले। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली के पोल न होने से भी लोगों में आक्रोश है।
प्रदर्शन में दिलीप राजभर, जोगिंदर पाल, गणेश पाल, अच्छेलाल, राजू राजभर, हेमंत कन्नौजिया, चंद्रेश पाल, सुग्रीव, रजनी राजभर, मंजू देवी, चन्द्रवती, रीता देवी, संतीरा देवी, ममता, अनिता, सुमित्रा, अजोरिया सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

नगर पंचायत परतावल की अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने कहा कि नाली से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टूटी नाली को लेकर ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाएगा। जहां नाली निर्माण नहीं हुआ है, वहां के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है और धन उपलब्ध होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *