परतावल चौराहे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेला चालक की मौत

दुर्घटना महराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल मुख्य चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेला और डंपर की आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहन पलट गए, जिससे ट्रेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेला (HR 63 C 0052) कप्तानगंज की ओर से आ रहा था, जबकि डंपर (UP 79 AT 5990) गोरखपुर की तरफ से आ रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेला तेज गति से पनियरा की ओर बढ़ रहा था। सामने से आ रहे डंपर को देखकर चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए।
हादसे के समय ट्रेला पर रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जबकि डंपर खाली था। टक्कर के दौरान चौराहे पर स्थित एक जूस कॉर्नर भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल ट्रेला चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चौकी प्रभारी अमित सिंह के अनुसार शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *