भिटौली (महराजगंज): जनप्रहारी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया के पास महराजगंज–गोरखपुर मार्ग (NH-730) पर शुक्रवार की रात को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी चालक इकरार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इकरार नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महराजगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार के सिर में गंभीर चोट आ गई और वह सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल उपचार के लिए परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में था। सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
