थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Uncategorized महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़ सम्पादक -आनन्द कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज। जनपद में आमजन की शिकायतों के प्रभावी समाधान हेतु आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने शनिवार को थाना श्यामदेउरवा पहुंचकर जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण के लिए संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि राजस्व व पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर थाना परिसर का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, स्टोर रूम, बैरक, शस्त्रागार एवं कारागार का गहन अवलोकन कर व्यवस्थाओं को परखा गया। अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करने पर बल दिया।
आगामी होली सहित अन्य पर्वों के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *