बरवा खुर्द के सीवान में पेड़ से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

महराजगंज


महराजगंज, 4 मार्च 2026।जन प्रहरी न्यूज़
जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरवा खुर्द के सीवान में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 04.03.2026 को सुबह लगभग 09:45 बजे पीआरवी–5199 के माध्यम से सूचना मिली कि बरवा खुर्द के खेत क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह मय हमराही गण तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि करीब 19 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ से कपड़े के फंदे के सहारे लटका हुआ है।
मौके पर मौजूद परिजनों ने मृतक की पहचान विकास सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पचार थाना कप्तानगंज, जिला कुशीनगर, उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में की। परिजनों के अनुसार विकास 03 मार्च की शाम करीब 5 बजे अपने घर से बिना किसी को बताए निकल गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल महराजगंज की मर्चरी हाउस भेज दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले की अग्रिम कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विस्तृत जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
इधर, घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *