कूड़े और कचरा में डूबा पुरैना बाजार: नाले में फेंके जा रहे अवशेष, बदबू से दुकानदार और राहगीर बेहाल

Uncategorized महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़

सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, दुर्गंध से बाजार की रौनक फीकी — व्यापारियों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

महराजगंज, जनपद के घुघली क्षेत्र अंतर्गत पुरैना बाजार इन दिनों गंदगी और बदबू की मार झेल रहा है। बाजार के अंतिम छोर पर कूड़ा-करकट का अंबार लगा हुआ है, जिससे पूरे इलाके में सड़ांध फैल रही है। सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बाजार में निकलने वाला कूड़ा नियमित रूप से उठाया नहीं जा रहा है। सफाई कर्मियों द्वारा कूड़ा बाजार के अंतिम छोर पर इकट्ठा कर छोड़ दिया जाता है, जिससे धीरे-धीरे वह सड़कर बदबू फैलाने लगा है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब बाजार की उत्तर दिशा में मुर्गा, बकरी काटने वाले तथा मछली विक्रेता अपने अवशेष पास स्थित नाले में फेंक देते हैं।
नाले में जमा इन सड़े हुए अवशेषों से उठती तीखी दुर्गंध ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का जीना मुश्किल कर दिया है। सड़क से गुजरने वाले लोगों को भी इस बदबू का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्राहकों की संख्या में कमी आ रही है, जिससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
बाजार करने आए लोगों का कहना है कि दुर्गंध इतनी तेज होती है कि कई लोग बिना खरीदारी किए ही वापस लौट जाते हैं। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने, नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नाले में अवशेष फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह गंदगी संक्रामक बीमारियों को भी जन्म दे सकती है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी पुरैना बाजार की इस बदहाल स्थिति पर कब तक संज्ञान लेते हैं और कब तक बाजार को इस दुर्गंध और गंदगी से मुक्ति मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *