मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जरूरतमंदों को बांटी गई मच्छरदानियां

महराजगंज

परतावल। नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या-14 स्थित अक्टहवा मोहल्ले में बुधवार को मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 जरूरतमंद लोगों को मच्छरदानी प्रदान कर उन्हें संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सीधे पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, जनसेवा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने तथा बरसात के मौसम में मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील भी की। मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला और लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में गुलाब सिंह, सुजीत सिंह, दीपक पाण्डेय, प्रदीप मोदनवाल, राकेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *