जन प्रहरी न्यूज़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली के त्योहार को देखते हुए शासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। प्रदेश में शांति और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए राजीव कृष्ण ने बड़ा आदेश जारी किया है। आदेश के तहत 1 मार्च से 7 मार्च तक प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को जारी हुए निर्देश
डीजीपी कार्यालय की ओर से यह निर्देश सभी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। इसमें डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी के साथ-साथ सभी जिलों के एसएसपी और एसपी शामिल हैं। स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि होली की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की छुट्टी स्वीकृत न की जाए।
ड्यूटी पर तैनात रहना अनिवार्य
डीजीपी ने कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने तैनाती स्थल पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। फील्ड में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। केवल विशेष अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में ही उच्च अधिकारियों की अनुमति से अवकाश दिया जा सकेगा।
कानून-व्यवस्था में ढिलाई बर्दाश्त नहीं
होली के दौरान भीड़भाड़ और संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस बल की पूर्ण तैनाती आवश्यक मानी गई है। मुख्यालय का उद्देश्य है कि किसी भी अप्रिय घटना को तत्काल रोका जा सके और आमजन सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।
प्रदेश भर में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है।
