जन प्रहरी न्यूज़ (सम्पादक -आनन्द कुमार पाण्डेय )
श्यामदेउरवा (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि युवक के साथ मारपीट की घटना हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता युवक ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले एक वर्ष से कथित रूप से अवैध संबंध चल रहा था। उसने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
आरोप है कि 7 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे जब वह काम से घर लौटा, तो उसने अपनी पत्नी और संबंधित युवक को घर के अंदर आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इस पर आपत्ति जताने पर आरोपी युवक उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
शोर सुनकर गांव के ही तीन अन्य व्यक्ति, जो कथित रूप से आरोपी युवक के सहयोगी बताए जा रहे हैं, मौके पर पहुंच गए और शिकायतकर्ता के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी ने भी हमलावरों का साथ दिया। मारपीट में वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे लात-घूंसों से पीटा गया।
हमलावरों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित ने बताया कि वह घटना से काफी भयभीत है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी |
