भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा खादर टोला खपरडीहा में रास्ते पर अवैध निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के कई ग्रामीणों ने थाना प्रभारी भिटौली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर रास्ते में कराए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव निवासी धीरेंद्र कुशवाहा द्वारा जबरन सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण कराया जा रहा है। विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर आमादा हो गया। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन दोनों पक्षों को थाने पर आने की बात कहकर लौट गई।
प्रार्थना पत्र देने वालों में गोपाल सिंह, उमाशंकर, मिठाई सिंह और सुरेश सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो भविष्य में उनके घरों तक चार पहिया वाहन पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा।
पीड़ितों ने थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण रुकवाने तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गांव में रास्ते को लेकर बढ़ते विवाद से तनाव का माहौल बना हुआ है।
