जन प्रहरी न्यूज़ संवाद सूत्र, परतावल।
लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले 10 वर्षीय बालक के सिर में चाकू मारकर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन घायल बालक को तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसहिया बुजुर्ग टोला उर्दहनी निवासी राहुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भांजा कुशीनगर जनपद के हाटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मगुरही निवासी 10 वर्षीय कृष्णा गुप्ता उसके घर रहकर पढ़ाई करता है। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह लघुशंका के लिए बाहर गया था। आरोप है कि इसी दौरान पटीदार का 15 वर्षीय पुत्र शिवम दरवाजे पर बैठकर प्याज काट रहा था। उसने सड़ा प्याज कृष्णा की ओर फेंक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर शिवम ने चाकू से कृष्णा के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
बताया गया कि कृष्णा के पिता की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से वह मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्वजन घायल बालक को निजी अस्पताल ले गए और उसका उपचार कराया। तत्पश्चात बालक के मामा ने श्यामदेउरवा पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
