सात माह से मानदेय लंबित, ग्राम रोजगार सेवकों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़
महराजगंज। जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों का सात माह से मानदेय लंबित होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सोमवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले दर्जनों कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और बकाया भुगतान की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अगस्त 2025 से अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस अवधि में मनरेगा के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री, पी-स्टेट एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार कराया जा रहा है, बावजूद इसके मानदेय नहीं मिला।
रोजगार सेवकों ने कहा कि बिना भुगतान के लगातार कार्य करने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो गया है। त्योहारों के अवसर पर भी आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है।
संघ ने मांग की है कि लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ग्राम रोजगार सेवक सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *