जन प्रहरी न्यूज़ संपादक -आनन्द कुमार पाण्डेय जी
गोरखपुर-परतावल फोरलेन व श्यामदेउरवा क्षेत्र में पुलिस की पहल
परतावल/महराजगंज।
गोरखपुर-परतावल फोरलेन सहित श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। हादसों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य शुरू करा दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने संबंधित निर्माण कंपनी के ठेकेदार को मौके पर बुलाकर स्थलों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान पूर्व में हुए हादसों के कारणों की समीक्षा की गई, जिसमें तीखे मोड़, अपर्याप्त संकेतक और रोड मार्किंग की कमी को प्रमुख वजह माना गया।
एनएच-730बी मार्ग पर कैट आई, डेलिनेटर, साइन बोर्ड तथा थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन सुरक्षा उपायों से रात्रि के समय दृश्यता बेहतर होगी और वाहन चालकों को दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से मिल सकेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा या टोल फ्री नंबर 1033 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह, एस. आई. अखिलेश यादव श्यामदेउरवां थाना परतावल चौकी की पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस की इस पहल से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि अब सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और हादसों पर प्रभावी रोक लगेगा |
