भिटौली, महराजगंज। बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने शनिवार को सख्त अभियान चलाते हुए 25 बड़े बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कर दिए। अभियान के दौरान मौके पर ही ₹2.46 लाख की राजस्व वसूली भी की गई। कार्रवाई से क्षेत्र के बकायेदारों में हड़कंप मच गया।
विद्युत उपकेंद्र भिटौली के अंतर्गत सिसवा मुंशी फीडर क्षेत्र में अवर अभियंता अनिकेत पाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने घरों और दुकानों की सघन जांच की। जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर दस हजार से अधिक का बिजली बिल बकाया मिला, उनके कनेक्शन तत्काल काट दिए गए। हालांकि कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर अपना विद्युत कनेक्शन दोबारा चालू करा लिया।
अवर अभियंता अनिकेत पाल ने बताया कि अभियान के दौरान कुल ₹2.46 लाख की राजस्व वसूली की गई। उन्होंने कहा कि बिजली बिल का समय पर भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।
अभियान में विभाग के निलांबुज सिंह, वशिष्ठ सिंह, गजेंद्र सिंह, अभय वर्मा, लालमन गुप्ता, मोहम्मद नबी, बृजेश गौड़, श्रवण यादव, मनोज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
