महराजगंज, 12 फरवरी 2026। जन प्रहरी न्यूज़
भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बैरवा बनकटवा टोला मणि चौराहा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर छापेमारी कर पुलिस ने फर्जी आधार और आयुष्मान कार्ड बनाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सोमेंद्र मीना, पुलिस अधीक्षक महाराजगंज के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लैपटॉप, बायोमेट्रिक एवं आइरिस डिवाइस के माध्यम से फर्जी लॉगिन कर आधार व आयुष्मान कार्ड तैयार कर रहे थे। आरोपियों ने यूट्यूब से तकनीकी तरीका सीखकर AnyDesk एप्लीकेशन के जरिए सिस्टम में अवैध प्रवेश किया और प्रति कार्ड ₹500 से ₹1000 तक वसूली कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लैपटॉप, बायोमेट्रिक मशीन, आइरिस स्कैनर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। इस संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
सीमा क्षेत्र में इस प्रकार के फर्जीवाड़े से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।
नेपाल बॉर्डर पर दस्तावेजों की जालसाजी का यह मामला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।
