पनियरा विधानसभा क्षेत्र में दावे-आपत्तियों की सुनवाई शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से संपन्न

महराजगंज


महराजगंज, 09 फरवरी 2026।   जन प्रहरी न्यूज़
विधानसभा क्षेत्र पनियरा अंतर्गत ग्राम पंचायत नरकटहा स्थित कंपोजिट विद्यालय नरकटहा में जारी नोटिसों के संबंध में दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। सुनवाई की प्रक्रिया खंड विकास अधिकारी पनियरा के नेतृत्व में अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा विद्यालय परिसर में स्थापित चार बूथों पर कराई गई।
चारों बूथों पर कुल 210 नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई खंड विकास अधिकारी श्री राहुल सागर द्वारा की गई, जबकि 11 मतदाताओं की सुनवाई खंड शिक्षा अधिकारी श्री शिव कुमार द्वारा संपन्न कराई गई। सुनवाई के दौरान मतदाताओं की सुविधा एवं सहयोग के लिए सभी बीएलओ, ग्राम प्रधान तथा संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुनवाई स्थल पर मतदाताओं के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, टेंट के माध्यम से छाया तथा फोटोकॉपी व प्रिंटआउट की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। समुचित व्यवस्थाओं के चलते पूरी प्रक्रिया सुचारू, प्रभावी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस संबंध में ईआरओ पनियरा श्री प्रेम शंकर पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी सुनवाई स्थलों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा सहायता हेतु पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती की जाए। निर्देशों के क्रम में सभी स्थलों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *