महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज / आनन्द कुमार पाण्डेय
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिहरपुर का दौरा कर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, श्रमिकों की उपस्थिति एवं कार्य प्रगति की गहन समीक्षा की।
डीएम ने कार्यस्थल पर लगे सूचना पट्ट, मस्टर रोल तथा श्रमिकों को प्राप्त हो रहे पारिश्रमिक की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों व ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समय से भुगतान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीणों के लिए आजीविका का एक महत्वपूर्ण साधन है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
