भिटौली (महराजगंज)।
भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव में रास्ते की विवादित जमीन को लेकर उपजा विवाद अब प्रशासन के संज्ञान में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और दोनों पक्षों को आपसी सुलह-समझौते से समाधान निकालने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, तरकुलवा तिवारी के केवटान टोले में रहने वाले ग्रामीणों के पास आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। ग्रामीण लंबे समय से रास्ते की मांग कर रहे थे, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
बताया जा रहा है कि तीन दिन पूर्व ग्रामीणों ने बस्ती तक पहुंचने के लिए खाली पड़ी जमीन पर रास्ता बनाने का प्रयास शुरू कर दिया, जिस पर संबंधित भू-स्वामी ने आपत्ति जताई। इसके बाद मामला विवाद का रूप ले लिया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों और भू-स्वामी को साथ बैठकर आपसी सहमति से रास्ते का स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
इस दौरान थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम में शांति व्यवस्था बनाए रखी।
प्रशासन की पहल से ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित रास्ते की समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान निकल सकेगा।
(रिपोर्ट: जन प्रहरी)
