सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच छात्र -छात्राओं को मिली शुभकामनाओं की सौगात

महराजगंज

भिटौली / महराजगंज : जन प्रहरी न्यूज़
परतावल विकासखंड अंतर्गत दुर्गावती देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, भैंसा में कक्षा 10 एवं 12 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और भावनात्मक पलों से भरपूर रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का शुभारंभ साक्षी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जिससे वातावरण श्रद्धामय हो उठा। इसके पश्चात दिया, स्नेहा और आयुषी ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों और शिक्षकों का अभिनंदन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में दिव्यांशी, आराध्या, अनुष्का एवं रिद्धिमा ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। वहीं संजीव द्वारा प्रस्तुत ‘तेरी उंगली पकड़कर चला’ गीत ने माहौल को भावुक बना दिया। अंत में कक्षा 12 की छात्राओं के सामूहिक नृत्य ने समारोह में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संजय मणि त्रिपाठी, प्रदीप उपाध्याय, राजेंद्र दुबे, एजाज खान एवं शेषमणि पाण्डेय, कृष्ण मोहन जायसवाल, अरुण जायसवाल, सुशील कुमार शुक्ला, कैलाश सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या करुणामणि पटेल सहित रमेश चंद्र पटेल, मनमीत पटेल, सीमा पांडे, नेहा मद्धेशिया, नेहा पटेल, प्रीति जायसवाल, अमित गिरी, राहुल साहनी एवं राहुल जायसवाल आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह का समापन छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *