श्यामदेउरवा (महराजगंज)। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सोनिया गांव निवासी 31 वर्षीय संतोष कुमार की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब एक बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, संतोष कुमार सऊदी अरब की राजधानी रियाद में लोडर (भारी वाहन) चालक के रूप में कार्यरत थे। सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। वह रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे और करीब एक वर्ष पूर्व छुट्टी पर अपने गांव आए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद वह दोबारा काम पर लौट गए थे।
बताया गया कि संतोष के पिता भी सऊदी अरब के हाफर अल-बातिन क्षेत्र में रहते हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। संतोष का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व देवरिया जिले के बैतालपुर थाना क्षेत्र में हुआ था। उनके पीछे पत्नी और आठ माह का मासूम बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों का संतोष के घर पहुंचना शुरू हो गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन सऊदी अरब से संतोष के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सोनिया में किया जा सके।
