भिटौली महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र के सिसवा मुंशी चौराहे पर सरेआम एक युवक पर दिन में लगभग 3:00 बजे आज अज्ञात बाइक सवार चार पांच युवकों के एक गैंग ने एक युवक पर लाठी-डंडों से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना के अनुसार भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खास निवासी अंजार 25 वर्ष किसी काम से सिसवां मुंशी चौराहे पर गये थे तभी अचानक बाइक से आए चार पांच अज्ञात युवकों के एक गैंग ने अचानक उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने अपने मुंह पर पट्टी बांध रखी थी जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। अचानक हुए हमले से अंजार गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस चौकी के समीप हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। चौकी प्रभारी सिसवा मुंशी छोटेलाल ने बताया कि घटना की सूचना मिली है तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

