भिटौली महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी 46 वर्षीय गुलशेर अली की सऊदी अरब में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। वह लगभग 22 महीने पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब गए थे और मक्का में ड्राइवरी का काम करते थे। सूचना के अनुसार गुलशेर अली काम से छुट्टी लेकर उमरा करने के लिए मक्का शरीफ गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ गया जिससे उनकी आज मृत्यु हो गई। घटना की सूचना जैसे ही घर पहुंची परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी मरियम खातून 19 वर्ष और दो बेटे अरशद अली 17 वर्ष तथा अरमान 13 वर्ष हैं। पिता की मौत की खबर सुनते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की हालत देखकर गांव के लोगों की भी आंखें नम हो गईं। गांव में हर तरफ शोक का माहौल बना हुआ है।
