भिटौली महराजगंज : भिटौली थाना क्षेत्र के दरौली गांव में दो मंजिला भवन की पेंटिंग के दौरान करेंट लगने व छत से गिरकर 16 वर्षीय किशोर अशोक गुप्ता की असमय मृत्यु मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करेंट से ही मृत्यु होने की पुष्टि हुई है ।वहीं मृत किशोर के दादा नाथू गुप्ता ने भिटौली थाने में रविवार को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई थी तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की मांग की थी।थानाध्यक्ष भिटौली को दी गई तहरीर में मृतक के दादा ने आरोप लगाया था कि घटना वाले दिन गांव के ही मातवर व उनके बेटे सर्वेश दोनो लोग उसके नाती को पेंटिंग हेतू घर से बहला-फुसला कर ले गए। नाथू गुप्ता के अनुसार शाम तक घर न लौटने पर परिजनों द्वारा उन दोनों से पूछताछ करने पर सही जवाब न देने तथा इसी बीच किशोर के घायल होने और इलाज के लिये अस्पताल ले जाये जाने की सूचना मिलने की बात की थी। घायल अशोक को जिला अस्पताल लाये जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। तहरीर के अनुसार घटना के संबंध में पूछताछ करने पर साथ मौजूद लोगों ने बताया कि वह छत पर पेंटिंग का काम कर रहा था और करंट लगने से छत से गिर गया। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताते हुए उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की थी। प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मृतक के दादा द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि दो लोगों ने सिर पर पीछे से डंडे से वार कर उसकी हत्या की है परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इलेक्ट्रिक शॉक से ही मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।डंडे से वार कर हत्या किए जाने का आरोप निराधार है।
