परतावल/महराजगंज :सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को संत थॉमस उत्तर माध्यमिक विद्यालय परतावल में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर किशोरियों को जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन एवं आयरन की गोलियों का वितरण भी किया गया। काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो सामान्यतः 12 से 15 वर्ष की आयु में शुरू होती है। पहली बार माहवारी आने की प्रक्रिया को ‘मीनार्की’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान घबराने की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि स्वच्छता एवं पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें कक्षा 7 की छात्रा कुमारी दिव्या प्रजापति ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक बीजू मोहन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
