धान की रोपाई से पहले बुझ गया घर का चिराग, आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय आयुष की मौत

दुर्घटना महराजगंज

माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी काटने गया था मासूम, पूरे गांव में पसरा मातम

  1. महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
    जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़िया टोला सोहनी निवासी सुरेश चौरसिया का 9 वर्षीय पुत्र आयुष चौरसिया सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी (बीया) काटने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। बिजली की चपेट में आने से आयुष की मौके पर ही मौत हो गई।
    घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मासूम बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए।
    घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
    बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में मौसम खराब होने या बिजली कड़कने के दौरान खेतों एवं खुले स्थानों पर काम करने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *