घुघली, महराजगंज | जन प्रहरी न्यूज़
जनपद महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष के बेटे का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, खुशहालनगर की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक पर देर रात करीब 11 बजे लोको पायलट रविन्द्र राम ने एक शव पड़ा होने की सूचना कप्तानगंज रेलवे स्टेशन को दी। इसके बाद घुघली रेलवे स्टेशन के माध्यम से स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान करौता उर्फ नेबुईया निवासी प्रिंस शर्मा (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष गणेश शर्मा का पुत्र था। शव की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए की गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। उसका बायां पैर कटा हुआ था, जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरी चोटें पाई गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजन मौके पर पहुंचकर बिलखने लगे।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता गणेश शर्मा ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका विवाद चल रहा था, जिसके चलते साजिश के तहत उनके बेटे की हत्या की गई हो सकती है।
पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
