महराजगंज। जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा और अवैध असलहा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत भिटौली थाना पुलिस ने उमेश यादव निवासी कठिनहिया, थाना रामकोला (कुशीनगर) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 2 किलो गांजा, 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध नशे के कारोबार में सक्रिय था और सीमावर्ती क्षेत्रों में सप्लाई करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट व आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक यदुवीर यादव व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
