मामूली बुखार में लगा इंजेक्शन बना जानलेवा, शव लेकर सड़क पर उतरे लोग
महराजगंज |जन प्रहरी न्यूज़
नगर क्षेत्र के अमरुतीय स्थित पासी टोला में झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही से 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी मोनिका को मामूली बुखार होने पर परिजन इलाज के लिए ले गए थे। आरोप है कि बैकुंठपुर चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर से जुड़े झोलाछाप डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई।
घबराए परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर फरेंदा-गोरखपुर मार्ग पर पहुंच गए।
सक्सेना चौराहा पर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कई घंटे तक यातायात बाधित रहा और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात करनी पड़ी।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह व सीओ सदर अंकुर गौतम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
देर रात पुलिस के आश्वासन व आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना जिले में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा करती है।
