परतावल। जन प्रहरी न्यूज़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में मरीजों को बाहर से दवा खरीदने और निजी पैथोलॉजी सेंटरों से जांच कराने के लिए भेजे जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने से अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, दंत रोग विभाग और एक्स-रे कक्ष समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, जांच सुविधाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के उपचार एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बावजूद किसी मरीज को अनावश्यक रूप से बाहर से दवा खरीदने अथवा निजी पैथोलॉजी से जांच कराने के लिए भेजना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार मरीजों की अधिक से अधिक जांच सीएचसी में ही कराने के निर्देश दिए गए।
निजी पैथोलॉजी सेंटरों से कथित मिलीभगत या कमीशनखोरी की शिकायतों पर भी सीएमओ ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जांच में किसी चिकित्सक या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल परिसर में मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों अथवा जांच केंद्रों तक ले जाने वाले कथित दलालों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को प्रमुख स्थानों पर ‘दलालों से सावधान, सीएचसी परतावल’ लिखे चेतावनी वाले स्टिकर लगाने को कहा।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को सरकारी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाने के लिए बाहर भेजे जाने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. श्रीप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. पूर्णिमा जायसवाल, डाटा ऑपरेटर संजीव सिंह, बीसीपीएम अमित, फार्मासिस्ट शशिविंद मिश्र समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
